Top
Begin typing your search above and press enter to search.

राजस्थान सरकार ने अडानी समूह की अंबुजा सीमेंट की 13 खदानों का आवंटन रद्द किया

राजस्थान सरकार ने अडानी समूह की अंबुजा सीमेंट की 13 खदानों का आवंटन रद्द किया
X

नई दिल्ली। राजस्थान सरकार ने अडानी समूह के लिए एक बड़ा झटका देते हुए नागौर जिले की 13 लाइम स्टोन खदानों का आवंटन रद्द कर दिया है। ये खदानें अडानी ग्रुप की कंपनी अंबुजा सीमेंट को ई-नीलामी के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। राज्य के खान एवं पेट्रोलियम विभाग ने इन खदानों का आवंटन रद्द करने का आदेश जारी किया है।

राज्य सरकार का दावा है कि इन खदानों के लिए अन्य खदानों की तुलना में काफी कम बोली लगी, जिससे राज्य को अपेक्षाकृत कम राजस्व प्राप्त हुआ। यह नीलामी वर्ष 2023-24 में हुई थी, जिसके तहत अडानी ग्रुप को कुल 24 लाइम स्टोन ब्लॉक आवंटित किए गए थे। सरकार के अनुसार, नीलामी से केवल 25.15 प्रतिशत की बोली प्राप्त हुई, जो जनहित और राजस्व के दृष्टिकोण से पर्याप्त नहीं मानी गई।

कम बोली बनी कारण
राजस्थान सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि नीलामी के बाद इन खदानों से राज्य को अन्य खदानों की तुलना में बहुत कम राजस्व मिल रहा था। नीलामी में कम बोली का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया कि 13 खदानों का आवंटन रद्द कर दिया जाए।

अंबुजा सीमेंट का विस्तार प्रभावित
अडानी ग्रुप की अंबुजा सीमेंट देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता कंपनी है और यह नीलामी उसके सीमेंट कारोबार के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। 13 खदानों के रद्द होने से कंपनी के विस्तार योजनाओं पर असर पड़ सकता है।

यह घटनाक्रम अडानी समूह के लिए एक और चुनौती के रूप में उभर रहा है, जबकि समूह अपनी कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire