Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : सरकारी योजना का भी लाभ ले रहा था अफीम उगाने वाला किसान, कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित

CG News : सरकारी योजना का भी लाभ ले रहा था अफीम उगाने वाला किसान, कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित
X

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई समोदा गांव में सामने आए अवैध अफीम की खेती के मामले में लापरवाही और गलत रिपोर्टिंग के आरोपों के बाद की गई है।

CG News : सात दिन में मांगा गया था जवाब

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू की थी। इसके तहत कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू, फसल सर्वेयर शशिकांत साहू और समोदा गांव की पटवारी अनिता साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। तीनों अधिकारियों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। जांच में कृषि विभाग की रिपोर्ट पर कई सवाल खड़े हुए, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया।

CG News : मक्का बताकर दी जा रही थी गलत रिपोर्ट

जांच में सामने आया कि जिस खेत में अफीम की खेती की जा रही थी, उसे कृषि विभाग की रिपोर्ट में लगातार मक्का की फसल बताया जा रहा था। अधिकारियों द्वारा की गई इस गलत रिपोर्टिंग के कारण अवैध खेती लंबे समय तक छिपी रही। प्रशासन को संदेह है कि खेत की वास्तविक स्थिति को जानबूझकर छिपाया गया और सरकारी रिकॉर्ड में अलग जानकारी दर्ज की गई।

CG News : प्रदर्शन प्लॉट के नाम पर मिली सरकारी सहायता

दस्तावेजों की जांच के दौरान यह भी पता चला कि विनायक ताम्रकार के भाई विमल ताम्रकार के खेत को कृषि विस्तार अधिकारी ने मक्का फसल का प्रदर्शन प्लॉट बताकर दर्ज किया था। जबकि वास्तविकता में उस खेत में धान की खेती की जा रही थी। इस गड़बड़ी के चलते शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी प्रदर्शन प्लॉट के नाम पर जारी कर दी गई। इससे सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग की आशंका भी सामने आई है।

CG News : फर्जी फोटो के जरिए की गई रिपोर्टिंग

नियमों के अनुसार प्रदर्शन प्लॉट की तस्वीर उसी किसान के साथ ली जानी चाहिए जिसे योजना का लाभ दिया जा रहा हो। लेकिन जांच में पाया गया कि रिपोर्ट में एक अन्य किसान को मक्का के खेत के पास खड़ा कर फोटो ली गई और उसे पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। इतना ही नहीं, जिस खेत की तस्वीर मक्का के नाम पर अपलोड की गई थी, उसके ठीक पीछे अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।

CG News : मामले की जांच जारी

प्रशासन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच जारी रखी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire