Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : रानी हार देखने के बहाने ज्वेलरी शॉप में चोरी, 4 घंटे में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

Raipur City News : रानी हार देखने के बहाने ज्वेलरी शॉप में चोरी, 4 घंटे में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
X

Raipur City News : रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। दुकान में जेवर देखते समय महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया पहन ली।

इसके बाद महिला ने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करने का बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकली और सहेली को बुलाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई। महिला के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया।

पूछताछ के दौरान युवक भी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने दुर्ग से महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल की एक जोड़ी, तीन जोड़ी बिछिया और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश्वरी साहू (35) निवासी ग्राम चांपा, जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire