Raipur City News : रायपुर रजिस्ट्री कार्यालय में अव्यवस्था, SR1 पर भीड़ का बोझ, SR2 और SR3 रहते खाली
- Rohit banchhor
- 29 May, 2025
इस असंतुलन के कारण नागरिकों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वालों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रजिस्ट्री कार्यालय में संपत्ति रजिस्ट्री कराने आने वाले नागरिकों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। सब रजिस्ट्रार 1 (SR1) कक्ष में हर दिन लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि सब रजिस्ट्रार 2 (SR2) और सब रजिस्ट्रार 3 (SR3) के कक्ष ज्यादातर खाली रहते हैं। इस असंतुलन के कारण नागरिकों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वालों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
SR1 पर काम का अतिरिक्त बोझ-
नागरिकों का आरोप है कि SR1 पर सभी प्रकार की रजिस्ट्रियों का बोझ डाल दिया गया है, जिसके चलते वहां कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। इससे रजिस्ट्री प्रक्रिया में देरी हो रही है और लोगों को लंबी लाइनों में खड़े रहकर परेशानी उठानी पड़ रही है। एक नागरिक ने बताया, "हम सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन SR1 में काम इतना धीमा है कि घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, SR2 और SR3 में कोई काम नहीं दिखता।"
SR2 और SR3 में न के बराबर काम-
जबकि SR1 में भीड़ और अव्यवस्था का आलम है, SR2 और SR3 के कक्षों में कर्मचारी लगभग खाली बैठे रहते हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि रजिस्ट्री का कार्यभार सभी रजिस्ट्रार कक्षों में समान रूप से बांटा जाए, तो यह अव्यवस्था खत्म हो सकती है। इससे न केवल प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
नागरिकों की मांग: कार्यभार का संतुलन-
रजिस्ट्री कार्यालय में हो रही इस अव्यवस्था को लेकर नागरिकों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जिला रजिस्ट्रार को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए और सभी रजिस्ट्रार कक्षों में कार्यभार का समान वितरण सुनिश्चित करना चाहिए। एक बुजुर्ग नागरिक ने कहा, "हम घंटों खड़े रहकर थक जाते हैं। अगर SR2 और SR3 में भी रजिस्ट्री का काम शुरू हो, तो हमारी परेशानी कम हो सकती है।"

