Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Raipur City Crime : भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाली चार महिलाएं गिरफ्तार, महाराष्ट्र का गिरोह सक्रिय

पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई नगदी रकम बरामद की है और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Raipur City Crime : भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाली चार महिलाएं गिरफ्तार, महाराष्ट्र का गिरोह सक्रिय
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं महाराष्ट्र के नागपुर और गोंदिया से ताल्लुक रखती हैं और कृत्रिम आभूषण बेचने के बहाने रायपुर सहित अन्य शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई नगदी रकम बरामद की है और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

चोरी की दो अलग-अलग वारदातें-

पहली घटना में, बलौदाबाजार निवासी आरिफ खान ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज की कि वह अपनी प्लास्टिक और स्टील बर्तन की दुकान के लिए सामान खरीदने रायपुर आया था। तेलीबांधा से जय स्तंभ चौक पहुंचने के लिए वह ई-रिक्शा में सवार हुआ, जिसमें दो महिलाएं भी थीं। जय स्तंभ चौक उतरने के बाद जब उसने अपना बैग चेक किया, तो उसमें रखी नगदी रकम गायब थी। इस शिकायत पर गोलबाजार थाने में अपराध क्रमांक 101/25, धारा 303(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी घटना में, तिल्दा नेवरा निवासी मुकेश कुमार भोजवानी ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज की। वह जनरल स्टोर का सामान लेने रायपुर आया था और रेलवे स्टेशन के पास गुरुद्वारे से शारदा चौक जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ। रिक्शा में पहले से दो महिलाएं और एक पुरुष मौजूद थे। ममता होटल के सामने उतरने के बाद उसने अपने बैग में रखी नगदी रकम चेक की, जो गायब थी। इस मामले में मौदहापारा थाने में अपराध क्रमांक 56/25, धारा 303(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई-

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, गोलबाजार थाना, और मौदहापारा थाना की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर चार महिला आरोपियों मालती शेंडे 37 वर्ष, प्रिया इंचुरकर 40 वर्ष, शालीता उफाडे 40 वर्ष और संगीता पात्रे 40 वर्ष को सीतानगर, गोगांव (रायपुर) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन महिलाओं ने दोनों वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की। गोलबाजार मामले में मालती शेंडे और प्रिया इंचुरकर से 25,500 रुपये, और मौदहापारा मामले में शालीता उफाडे और संगीता पात्रे से 10,200 रुपये बरामद किए गए।

महाराष्ट्र का शातिर गिरोह-

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह महाराष्ट्र के नागपुर और गोंदिया से संचालित होता है। ये महिलाएं कृत्रिम आभूषण बेचने के बहाने रायपुर और अन्य शहरों में आती हैं और भीड़-भाड़ वाले स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, और सवारी वाहनों को निशाना बनाती हैं। ये लोग भीड़ का फायदा उठाकर पर्स, नगदी, सोने की चेन, और मोबाइल फोन जैसी कीमती वस्तुओं की चोरी करती हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire