Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : गज संकेत एप्प से बजेगा खतरे का अलार्म, 70 वनकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण, मानव-हाथी संघर्ष पर लगेगी लगाम

इस एप्प का उद्देश्य ग्रामीणों को हाथियों की लोकेशन की पूर्व सूचना देकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और मानव-हाथी टकराव को न्यूनतम करना है।

CG News : गज संकेत एप्प से बजेगा खतरे का अलार्म, 70 वनकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण, मानव-हाथी संघर्ष पर लगेगी लगाम
X

CG News : जशपुर। जिले के कुनकुरी वनमंडल में मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। रायपुर से आए विशेषज्ञों ने गज संकेत एप्प के अर्ली वार्निंग सिस्टम का प्रशिक्षण आयोजित किया, जिसमें लगभग 70 वनकर्मियों और रैपिड रिस्पॉन्स टीम के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस एप्प का उद्देश्य ग्रामीणों को हाथियों की लोकेशन की पूर्व सूचना देकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और मानव-हाथी टकराव को न्यूनतम करना है।

बता दें कि गज संकेत एप्प एक अत्याधुनिक तकनीक है, जो हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखता है। यह एप्प 10 किलोमीटर के दायरे में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी रजिस्टर्ड ग्रामीणों को फोन कॉल और मैसेज के जरिए तुरंत प्रदान करता है। इससे ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से पहले सतर्क किया जा सकता है, जिससे संभावित खतरे को टाला जा सकेगा। प्रशिक्षण में वन कर्मचारियों को एप्प के उपयोग, डेटा फीडिंग और रीयल-टाइम अपडेट्स की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।

वन परिक्षेत्राधिकारी, कुनकुरी, अभिनव केशरवानी ने बताया कि यह एप्प न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा बढ़ाएगा, बल्कि वन विभाग की योजना और रैपिड रिस्पॉन्स को भी मजबूत करेगा। प्रशिक्षण में शामिल एक वनकर्मी ने कहा, यह तकनीक हमारे लिए गेम-चेंजर साबित होगी। अब हम पहले से ही सतर्क हो सकेंगे और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire