Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : गोल्ड माइन्स के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, तंजानिया कनेक्शन का मास्टरमाइंड मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी लुकआउट नोटिस के चलते उसे हिरासत में ले लिया गया।

CG News : गोल्ड माइन्स के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, तंजानिया कनेक्शन का मास्टरमाइंड मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार
X

CG News : रायपुर। Raipur के कारोबारियों से तंजानिया की गोल्ड माइन्स में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार कर लिया है। करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में वांछित यश राजेश शाह को मुंबई एयरपोर्ट से उस समय पकड़ा गया, जब वह वियतनाम भागने की फिराक में था।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की जमानत याचिका कोर्ट से खारिज हो चुकी थी। इसके बाद वह देश छोड़ने की तैयारी में था। Mumbai एयरपोर्ट से वियतनाम की फ्लाइट पकड़ने से पहले ही पुलिस द्वारा जारी लुकआउट नोटिस के चलते उसे हिरासत में ले लिया गया।

ऐसे रचा गया अंतरराष्ट्रीय ठगी का जाल- आरोप है कि यश शाह ने रायपुर के कारोबारी समर्थ बरडिया से ऑनलाइन संपर्क कर तंजानिया की गोल्ड माइन में 50% हिस्सेदारी का लालच दिया। इसके बाद पीड़ित और उनके रिश्तेदार को Tanzania बुलाया गया, जहां एक कथित खदान दिखाकर भरोसा जीत लिया गया। वहां अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे नामक व्यक्ति को पार्टनर बताकर निवेश के लिए तैयार किया गया। लालच में आकर कारोबारी ने 2 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश कर दी, लेकिन बाद में पूरा सौदा फर्जी निकला। मामले में दूसरा प्रमुख आरोपी अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी संपर्क साधा जा रहा है।

सिविल लाइन थाने में दर्ज केस-

सिविल लाइन थाना में पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) और आपराधिक साजिश (120B) समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी को रायपुर लाकर रिमांड पर लेगी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की पूरी रकम और संभावित विदेशी नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके। यह मामला राजधानी में अंतरराष्ट्रीय निवेश के नाम पर ठगी के बड़े रैकेट की ओर इशारा कर रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire