Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

कांग्रेस का असफल विधानसभा घेराव, जहां प्रदर्शन शुरू किया वहीं दे दी गिरफ्तारी, निराश होकर लौटे कार्यकर्ता...

उससे पहले जवाहर चौक पर प्रदेश भर के करीब 50 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।

कांग्रेस का असफल विधानसभा घेराव, जहां प्रदर्शन शुरू किया वहीं दे दी गिरफ्तारी, निराश होकर लौटे कार्यकर्ता...
X

MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार को कांग्रेस ने सड़क से लेकर सदन तक अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाया। हालांकि कांग्रेस विधानसभा के घेराव में सफल नहीं हो सकी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सभा करने के बाद जहां से प्रदर्शन शुरू किया वहीं पर गिरफ्तारी देकर घेराव को समाप्त कर दिया। कांग्रेस के नेता पुलिस द्वारा रोशनपुरा चौराहा पर की गई बेरीकेटिंग तक भी नहीं पहुंच पाए। हालांकि कुछ कार्यकर्ताओं ने बेरीकेटिंग पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा बुझा कर चलता कर दिया। उससे पहले जवाहर चौक पर प्रदेश भर के करीब 50 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।

MP News : उनको कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा।कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल के विरोध में किया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया और आम जनता के मुद्दों को नजरअंदाज किया। खासकर किसानों के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया। आंदोलन का नारा “जवाब दो, हिसाब दो” रखा गया। विपक्ष ने यह भी कहा कि वे विधानसभा के अंदर और बाहर इन मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

MP News : कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि प्रशासन ने शांतिपूर्ण विरोध को रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का हर वर्ग, चाहे वह किसान हो, महिला हो, आदिवासी हो या युवा, मुख्यमंत्री मोहन यादव से पिछले एक साल का हिसाब मांगने सड़कों पर उतरा है। पटवारी ने यह भी कहा कि कांग्रेस कर्ज, क्राइम और करप्शन के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के बाद भी अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, और वह विधानसभा में किसानों के मुद्दे को उठाएंगे। इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पवन खेड़ा, कमलनाथ, अजय सिंह, अरुण यादव, जयवर्धन सिंह, सज्जन वर्मा, अलका लांबा, मीनाक्षी नटराजन, हेमंत कटारे समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

MP News : घोटाला प्रदेश बना मध्य प्रदेश : कमलनाथ-

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश अब “घोटाला प्रदेश” बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में घोटाला हो रहा है, चाहे वह नौजवानों का रोजगार हो, किसानों के बीज हों, या अन्य कोई मामला। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश की 70% व्यवस्था कृषि पर आधारित है, लेकिन यहां किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस राजनीतिक परिवर्तन को पहचानें और उसी के अनुसार काम करें।

MP News : झूठ का पुलिंदा निकला भाजपा का मेनिफेस्टो-

दिल्ली से आए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा के मेनिफेस्टो को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों और युवाओं के साथ धोखा किया है, और अब वही धोखा कांग्रेस विरोध के रूप में सामने आ रहा है। अलका लांबा ने भाजपा की तानाशाही सरकार की नींव को हिलाने के लिए कांग्रसियों को एकजुट होने का आह्वान किया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire