दोहरे हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा, प्रेमिका को परेशान करना बना हत्या का कारण, मुख्य आरोपी गिरफ्तार...
- Rohit banchhor
- 25 Mar, 2025
शव की खोज ग्रामवासी आशीष पाठक ने महुआ बीनते समय की और डायल 100 के जरिए पुलिस को सूचना दी।
MP Crime : अनूपपुर। अनूपपुर जिले में सोमवार को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में मुख्य आरोपी अश्वनी कोल (20) और उसके नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का कारण मुख्य आरोपी की प्रेमिका को परेशान करना बताया जा रहा है। बता दें कि सोमवार सुबह 6 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर के पास जंगल में एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिला। शव की खोज ग्रामवासी आशीष पाठक ने महुआ बीनते समय की और डायल 100 के जरिए पुलिस को सूचना दी।
MP Crime : पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी, एसडीओपी सुमित केरकेट्टा, टीआई अरविंद जैन और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव के गले और कान के नीचे धारदार हथियार से कई चोटें पाई गईं। जांच के बाद मृतक की पहचान रावेंद्र खांडे 23 वर्ष निवासी धौराभाट खुर्द, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई। दूसरी ओर, चचाई थाना क्षेत्र के विजय ग्राउंड के पास जंगल में एक अन्य 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। इस शव के सिर और कान के नीचे भी गंभीर चोटें थीं। बाद में इसकी पहचान संजीत जांगड़े 23 वर्ष निवासी लखनपुर, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई। दोनों मामलों में धारा 103 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
MP Crime : पुलिस की त्वरित कार्रवाई और खुलासा-
पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने दोनों हत्याओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने मृतक रावेंद्र के मोबाइल नंबर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी अश्वनी कोल, निवासी विवेकनगर, चचाई और उसके 17 वर्षीय नाबालिग सहयोगी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अश्वनी ने कबूल किया कि उसने नाबालिग के साथ मिलकर लोहे के धारदार रुखना (फर्नीचर बनाने का उपकरण) से दोनों की हत्या की। हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया।
MP Crime : प्रेमिका को परेशान करने की कीमत चुकाई जान-
विवेचना में पता चला कि अश्वनी कोल का बिलासपुर के भार्गव अस्पताल में कार्यरत कविता कोल से दो साल से प्रेम संबंध था। रावेंद्र खांडे, जो उसी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट था, पिछले कुछ महीनों से कविता को परेशान कर रहा था और प्रेम प्रस्ताव दे रहा था। कविता की शिकायत पर अश्वनी ने रावेंद्र को रास्ते से हटाने की ठानी। उसने रावेंद्र को सोमवार शाम बिलासपुर से अनूपपुर बुलाया। रावेंद्र अपने दोस्त संजीत के साथ शाम 6.30 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचा। अश्वनी और उसके नाबालिग साथी ने दोनों को मोटरसाइकिल पर बरबसपुर के जंगल में ले जाकर रावेंद्र की हत्या कर दी। संजीत ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी चचाई के विजय ग्राउंड के जंगल में ले जाकर मार डाला, ताकि वह इस घटना की जानकारी किसी को न दे सके। पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी कोल और नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।

