Top
Begin typing your search above and press enter to search.

मध्य प्रदेश में मोहन राज को 1 साल पूरा, मुख्यमंत्री ने बताई सरकार की उपलब्धियां

मध्य प्रदेश में मोहन राज को 1 साल पूरा, मुख्यमंत्री ने बताई सरकार की उपलब्धियां
X

भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल के कुशाभाव ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर से अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि इस 1 साल को जनकल्याण के लिए समर्पित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 7 में से 6 सीटों पर जीत हासिल की है। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नदी जोड़ो योजना को साकार करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा परियोजना का शिलान्यास अटल जी की जयंती 25 दिसंबर को होगा, जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और प्रदेश के 11 जिलों को इसका लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, पार्वती कालीसिंध चंबल परियोजना का काम भी शीघ्र शुरू होगा, जो श्योपुर से आगर तक 11 जिलों को लाभान्वित करेगा। सीएम ने कहा कि इन नदियों के जुड़ने से इन क्षेत्रों की तकदीर बदलने वाली है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह भी बताया कि राज्य में 70 हजार करोड़ रुपये की लागत से नदी जोड़ने की परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है। इसके माध्यम से जल का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 1980 के बाद से श्रद्धालु क्षिप्रा नदी में स्नान नहीं कर पाए, लेकिन अब सरकार बारिश के जल को डेम बनाकर संग्रहित कर क्षिप्रा का जल स्तर बढ़ाएगी, ताकि श्रद्धालु यहां स्नान कर सकें।



सीएम ने यह भी बताया कि सरकार ने मजदूरों और प्रशासन के बीच उलझन सुलझाने के लिए सायबर तहसील प्रणाली शुरू की है, जिससे संपत्ति का नामांतरण और रजिस्ट्री का कार्य आसान होगा। इसके अतिरिक्त, सरकार सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है और किसानों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नदी जोड़ो अभियान चला रही है। साथ ही, सरकार 1 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराएगी, ताकि बिजली की समस्या का समाधान हो सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार प्रदेश भर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण कर रही है, और कुलपतियों को कुलगुरु की उपाधि दी गई है। इन कदमों से मध्य प्रदेश में विकास की नई दिशा स्थापित की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire