Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : 60 फीट गहरे कुएं में बुझ गई दो जिंदगियां, मशीन निकालते समय रस्सी टूटी, पिता-पुत्र की हुई मौत

गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

MP News : 60 फीट गहरे कुएं में बुझ गई दो जिंदगियां, मशीन निकालते समय रस्सी टूटी, पिता-पुत्र की हुई मौत
X

MP News : दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सूखे कुएं से मशीन निकालने के दौरान रस्सी टूटने से पिता और पुत्र 60 फीट गहरे कुएं में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा पथरिया थाना क्षेत्र के बांसा कला गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, रामदयाल ठाकुर (55) और उनके पुत्र संजय ठाकुर (35) कुएं में लगी मशीन को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए दोनों रस्सी के सहारे कुएं के भीतर उतरे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई और दोनों सीधे कुएं की गहराई में जा गिरे।

कुएं से गिरने की तेज आवाज सुनकर घर की महिलाओं ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बताया कि दोनों को अस्पताल लाए जाने तक उनकी हालत बेहद गंभीर थी और परीक्षण के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक संजय ठाकुर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य करता था। इसके साथ ही वह परिवार के साथ खेती-किसानी के कामों में भी सक्रिय रूप से सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रस्सी का टूटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire