CG News : केशकाल कॉलेज में शार्ट सर्किट से लगी आग, परीक्षा के दौरान हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
CG News : केशकाल। शनिवार सुबह कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित महेश बघेल शासकीय महाविद्यालय में परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान अचानक प्राचार्य कक्ष में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग भड़क उठी। घटना से पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परीक्षार्थी व स्टाफ में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
CG News : परीक्षा हॉल में हड़कंप, छात्रों में मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे परीक्षा हॉल में छात्र परीक्षा दे रहे थे। तभी प्राचार्य कक्ष में बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद कॉलेज के अन्य कमरों में भी धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और धुआं व चिंगारियां निकलने लगीं। स्थिति देखते ही छात्र और स्टाफ सदस्यों में भगदड़ मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की ओर भागे।
CG News : पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी, समय रहते काबू पाई आग
घटना के समय प्राचार्य सोनवानी परिसर में मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को फोन कर मदद मांगी। केशकाल पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। टीम की तेजी से कुछ ही देर में लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
CG News : प्राचार्य कक्ष जलकर खाक, नुकसान का आकलन जारी
आग की चपेट में प्राचार्य कक्ष की कुर्सियां, टेबल, कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्राचार्य सोनवानी ने बताया कि स्टाफ की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन के त्वरित सहयोग से आग को और फैलने से रोका गया, वरना नुकसान बहुत बड़ा हो सकता था। फिलहाल कॉलेज प्रशासन नुकसान का पूरा आकलन कर रहा है और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।

