Pranit More Rs 370 Biryani: '370 रुपये की बिरयानी' विवाद पर प्रणित मोरे ने मांगी माफ़ी, बोले - मैं इस नफरत का हकदार हूं, एक मौका और दें
Pranit More Rs 370 Biryani: मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे का '370 रुपये की बिरयानी' विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर आलोचनाओं और कानूनी कार्रवाई के बीच मोरे ने एक बार फिर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान उनसे गंभीर चूक हुई और वह लोगों की नाराजगी को समझते हैं।
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में प्रणित मोरे ने कहा, "आप सबने मेरा क्राउड वर्क का वीडियो देखा होगा, जिसके लिए मुझे काफी हेट मिल रहा है और मुझे लगता है मैं ये हेट डिजर्व भी करता हूं। क्योंकि उस लड़के से जब मैं क्राउड वर्क कर रहा तो उसने काफी अपमानजनक चीजें बोलीं, लेकिन सब लोग उसपर हंस रहे थे तो मैं भी बह गया और मुझसे फैसले में चूक हो गई।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि ये मेरी काफी बड़ी गलती थी। मैं चाहता तो उसे वहां रोक सकता था या स्टैंड ले सकता था, जो मैंने नहीं कर पाया। मैंने उसको एक प्लैटफॉर्म दिया जिसकी वजह से ये चीजें इतनी आगे बढ़ गई।"
मोरे ने उन सभी लोगों से माफी मांगी जो इस घटना से आहत हुए हैं। उन्होंने कहा, "जो भी कानूनी कार्यवाही मेरे खिलाफ हो रही है, उसके लिए मैं अधिकारियों के साथ सहयोग भी कर रहा हूं लेकिन मैं यही अनुरोध करना चाहता हूं कि कृपया मुझे एक मौका दो, मैं बेहतर इंसान बनकर दिखाऊंगा।"
गौरतलब है कि यह विवाद एक कॉमेडी शो के दौरान हुई बातचीत के बाद शुरू हुआ था। मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और संबंधित लोगों को तलब किया है। वहीं, सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस लगातार जारी है।

