पटना में राबड़ी देवी के बंगले को लेकर बढ़ी सख्ती, 29 जून तक का अल्टीमेटम
Bihar: पटना: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर बिहार सरकार ने सख्त कदम उठाया है। भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया है। विभाग ने राबड़ी देवी को 29 जून तक बंगला खाली कर नए आवंटी को सौंपने का निर्देश दिया है।
विभाग के अनुसार, यह पहला नोटिस नहीं है। इससे पहले भी कई बार बंगला खाली करने के लिए कहा गया था। दिसंबर 2025 में भी नोटिस भेजा गया था, लेकिन अब तक आवास खाली नहीं किया गया। इसलिए 22 जून को जारी नोटिस को अंतिम चेतावनी माना गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय तक बंगला खाली नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह आवास अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। वहीं राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास दिया गया है। राबड़ी देवी ने पहले भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर नए आवास में कई कमियों की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि रसोईघर छोटा है, सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और किडनी ट्रांसप्लांट करा चुके लालू प्रसाद यादव के लिए अलग सुरक्षित कमरे की जरूरत है। फिलहाल अंतिम नोटिस के बाद बंगला खाली करने के लिए उनके पास सीमित समय बचा है।

