BPSC अंकेक्षक परीक्षा 5 जुलाई को, इस दिन जारी होगा एडमिट कार्ड
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने अंकेक्षक (Auditor) भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही पाली में होगी और इसका समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
28 जून से मिलेगा एडमिट कार्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 28 जून 2026 से अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा। एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी को आवंटित जिला भी दर्ज रहेगा।
2 जुलाई को जारी होगी सेंटर की जानकारी
आयोग ने बताया है कि परीक्षा केंद्र की विस्तृत जानकारी 2 जुलाई 2026 से उम्मीदवारों के डैशबोर्ड पर उपलब्ध होगी। अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त प्रति साथ ले जानी होगी। इस प्रति पर परीक्षा के दौरान हस्ताक्षर कर वीक्षक को देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, एडमिट कार्ड पर रोल नंबर और बारकोड स्पष्ट रूप से छपा होना चाहिए। उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा, इसलिए समय का विशेष ध्यान रखें।

