Ayodhya Ram Mandir : राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद बड़ा बदलाव, दान गिनती और बैंकिंग प्रक्रिया में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू
Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान राशि की गिनती और बैंक में जमा करने की पूरी व्यवस्था में बड़े और सख्त बदलाव लागू किए हैं। ट्रस्ट ने सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी को मजबूत करने के लिए कई नए नियम जारी किए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
Ayodhya Ram Mandir : काउंटिंग रूम में एंट्री पर सख्त सुरक्षा नियम
नई व्यवस्था के तहत अब दानपात्र से लेकर काउंटिंग रूम तक प्रवेश करने वाले कर्मचारियों के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फ्रिस्किंग अनिवार्य कर दी गई है। कर्मचारियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनकर ही काउंटिंग प्रक्रिया में शामिल होना होगा। इसके अलावा किसी भी कर्मचारी को मोबाइल फोन, पर्स, बैग या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
Ayodhya Ram Mandir : CCTV निगरानी 180 दिन तक होगी सुरक्षित
ट्रस्ट ने निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत करते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब CCTV फुटेज को 45 दिन के बजाय 180 दिन तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसके साथ ही दानपात्र खोलने से लेकर नकदी गिनती तक पूरी प्रक्रिया को कैमरे में रिकॉर्ड किया जाएगा। डिजिटल रिकॉर्ड मैनेजमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है ताकि हर गतिविधि का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।
Ayodhya Ram Mandir : कैश हैंडलिंग में डबल लॉक और दो चाबियों का नियम
नई व्यवस्था के तहत कैश बॉक्स अब डबल लॉक सिस्टम के साथ बैंक तक भेजा जाएगा। खास बात यह है कि दोनों चाबियां अलग-अलग लोगों के पास रहेंगी, जिससे सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
Ayodhya Ram Mandir : SBI कर्मचारियों की निगरानी में होती है गिनती प्रक्रिया
राम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे को गिनने के लिए कई कैश काउंटर बनाए गए हैं। यहां भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी ट्रस्ट के साथ मिलकर शिफ्ट के आधार पर नकदी की गिनती करते हैं। हर दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मशीनों की मदद से कैश काउंटिंग की जाती है और दोपहर में गिना गया पैसा बैंक में जमा कर दिया जाता है।
Ayodhya Ram Mandir : रोजाना 15 से 20 लाख रुपये तक का दान जमा
सूत्रों के अनुसार, सामान्य दिनों में मंदिर से रोजाना लगभग 15 से 20 लाख रुपये नकद बैंक में जमा होते हैं, जबकि त्योहारों और विशेष अवसरों पर यह राशि और भी बढ़ जाती है। पूरी प्रक्रिया CCTV निगरानी में संपन्न होती है।
Ayodhya Ram Mandir : पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने की कोशिश
ट्रस्ट का कहना है कि इन सभी बदलावों का उद्देश्य दान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना और श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करना है। बैंक की भूमिका केवल नकदी जमा कराने तक सीमित है, जबकि सोना-चांदी और अन्य दान सामग्री का प्रबंधन अलग व्यवस्था के तहत किया जाता है।

