CG News : रेत में दफन मिला युवती का शव, हत्या या हादसा? पुलिस जांच में जुटी
- Rohit banchhor
- 23 Jun, 2026
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है।
CG News : महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत में दबी एक युवती की लाश बरामद हुई। शव की स्थिति ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। युवती का आधा शरीर रेत के बाहर और आधा हिस्सा रेत के भीतर दबा मिला, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को युवती की चप्पल और बालों का गुच्छा भी मिला, जो किसी संघर्ष या वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि शव को छिपाने की नीयत से रेत में दबाने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
सबसे बड़ी चुनौती फिलहाल मृतका की पहचान करना है। युवती के पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है।

