CG Accident : ट्रक और कार की हुई आमने-सामने भिड़ंत, 6 माह के मासूम की मौत, तीन घायल
- Rohit banchhor
- 23 Jun, 2026
लिस फरार चालक और कंडक्टर की तलाश में जुटी है तथा हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
CG Accident : कवर्धा। जिले के पोंडी चौकी क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सारंगपुर चौक के पास ट्रक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 6 माह के मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम को बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घायल परिवार मध्यप्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है और किसी निजी कार्य से यात्रा कर रहा था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पोंडी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक और कंडक्टर की तलाश में जुटी है तथा हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

