Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : नशे में पति ने अपनी दसवीं पत्नी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया केस

पुलिस ने महज कुछ घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

CG Crime : नशे में पति ने अपनी दसवीं पत्नी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया केस
X

CG Crime : जशपुर। जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महुआपानी सुलेशा में 40 वर्षीय बसंती बाई की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाला खुलासा यह है कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका पति ढुलू राम 45 वर्ष था, और बसंती उसकी दसवीं पत्नी थी। पुलिस ने महज कुछ घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

CG Crime : बता दें कि 20 अप्रैल रविवार को गांव के कोटवार सर्वनाथ राम ने पुलिस को सूचना दी कि रोपाक्यारी नाले के पास एक महिला का सड़ा-गला शव पड़ा है, जो करीब 4-5 दिन पुराना लग रहा था। बगीचा पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव की पहचान गांव की बसंती बाई के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिर पर भारी वस्तु से गहरी चोट के कारण उसकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CG Crime : पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि बसंती को आखिरी बार उसके पति ढुलू राम के साथ देखा गया था। ढुलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। ढुलू ने बताया कि 17 अप्रैल को वह और बसंती अपने भतीजे की शादी के चुमावन कार्यक्रम में गए थे। वहां उसे पता चला कि बसंती ने चावल, दो साड़ियां और तेल चुराने की कोशिश की थी। इस बात पर दोनों में विवाद हुआ।

CG Crime : गुस्से और शराब के नशे में ढुलू ने बसंती को जंगल ले जाकर बॉक्साइट पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। हत्या के बाद वह नशे में वहीं सो गया और सुबह शव को गड्ढे में छिपाकर फरार हो गया। पूछताछ में ढुलू ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि बसंती उसकी दसवीं पत्नी थी। उसने पहले नौ अन्य महिलाओं से शादी की थी, हालांकि उनकी स्थिति के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद कर लिया है। ढुलू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire