Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : होटल बुकिंग के नाम पर 19 लाख की ठगी, विदेशी मुद्रा लेकर फरार हुआ शातिर, हावड़ा से गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से साढ़े चार लाख रुपये नगद और एक आईफोन बरामद किया गया है।

CG News : होटल बुकिंग के नाम पर 19 लाख की ठगी, विदेशी मुद्रा लेकर फरार हुआ शातिर, हावड़ा से गिरफ्तार
X

CG News : रायपुर। राजधानी रायपुर में टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायी से होटल बुकिंग के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ठग को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से साढ़े चार लाख रुपये नगद और एक आईफोन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुनानक नगर तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा “ट्रैवल प्लानर” नाम से टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 1 मार्च की शाम करीब 5 बजे उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताया और अमेरिका तथा लंदन में होटल बुकिंग करवाने की बात कही।

इसके बाद व्यवसायी ने व्हाट्सएप के जरिए होटल के विकल्प भेजे। अगले दिन भुगतान करने की बात कहते हुए आरोपी ने उन्हें 2 मार्च को तेलीबांधा स्थित करेंसी टॉवर के सातवें माले में स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और 18 हजार यूएस डॉलर और 2 हजार ब्रिटिश पाउंड साथ लाने को कहा। आरोपी ने बताया कि वहां उसका भाई रक्षित अग्रवाल मौजूद रहेगा, जो विदेशी मुद्रा के बदले भारतीय रुपये दे देगा।

निर्धारित समय पर व्यवसायी बताए गए स्थान पर विदेशी मुद्रा लेकर पहुंचा। वहां मौजूद एक युवक ने खुद को रक्षित अग्रवाल बताते हुए नोट गिनने के लिए मशीन लाने की बात कही और विदेशी मुद्रा लेकर केबिन से बाहर निकल गया। इसी दौरान फोन पर हर्षित अग्रवाल व्यवसायी को बातों में उलझाए रहा। मौका मिलते ही आरोपी विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया। ठगी की गई रकम भारतीय मुद्रा में करीब 19 लाख 47 हजार 400 रुपये बताई गई है।

शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने हावड़ा पहुंचकर प्रोसेनजित चक्रवर्ती नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम में से करीब साढ़े चार लाख रुपये नगद और एक आईफोन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ मुंबई के बांद्रा थाना क्षेत्र में भी ठगी का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire