Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : डांस टीचर मर्डर केस का खुलासा, ब्लैकमेलिंग से तंग नाबालिग ने रची साजिश, 56 दिन बाद पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

CG Crime : डांस टीचर मर्डर केस का खुलासा, ब्लैकमेलिंग से तंग नाबालिग ने रची साजिश, 56 दिन बाद पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
X

CG Crime : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में करीब दो महीने पहले हुए चर्चित सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लंबी जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद सामने आया कि इस सनसनीखेज वारदात को एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक 17 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। पुलिस जांच में पता चला कि युवक की गले पर चाकू से वार कर हत्या की गई है। मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी (27) निवासी घोठिया रोड, कवर्धा के रूप में हुई, जो पेशे से डांस टीचर था और पांडातराई के एक निजी स्कूल में बच्चों को नृत्य सिखाता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान करीब 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का विश्लेषण किया गया और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा मृतक के परिचितों सहित 100 से अधिक लोगों से पूछताछ भी की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और नाबालिग के बीच पिछले तीन महीनों से पहचान थी। दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि मृतक नाबालिग को बार-बार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बना ली।

घटना के दिन नाबालिग ने व्हाट्सएप कॉल कर सत्यमदास को मिलने के लिए बुलाया और स्कूटी से उसे घटनास्थल तक ले गया। आरोपी पहले से चाकू लेकर पहुंचा था। मौके पर पहुंचते ही उसने मृतक के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए मृतक का मोबाइल फोन और सिम कार्ड नदी में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर स्कूटी, चाकू, खून से सने कपड़े और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जबकि सिम कार्ड की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire