UP: सीमा राजभर बनीं समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिलेश ने भाजपा पर बोला तीखा हमला
UP: लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जहां कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एमएच खान समेत श्यामलाल निषाद, विजय कुमार लाल, अखिलेश पाठक, इशरत अली खान और नीलू सत्यार्थी सपा में शामिल हुए। यह सभी नेता सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी घोषित किया गया।
UP: इस मौके पर अखिलेश यादव ने सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की पदयात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि कड़ी धूप में बिना तैयारी के यात्रा करना दिखावटी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा की वापसी मुश्किल है।
UP: अखिलेश यादव ने एक चाय विक्रेता का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उसकी दुकान बंद कराई गई, क्योंकि उसने बेहतर चाय बनाने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल रही है और छोटे कारोबारियों को भी परेशान किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने महिला आरक्षण मुद्दे पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार की नीतियों में ईमानदारी की कमी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर भी कटाक्ष करते हुए भाजपा पर भ्रामक राजनीति करने का आरोप लगाया।

