UP: संभल में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, मस्जिद और मजार हटाई गई
UP: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को कसेरुआ गांव में सरकारी जमीन पर बनी दो मंजिला मस्जिद को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही, जबकि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जांच में सरकारी भूमि होने की पुष्टि
प्रशासन के अनुसार राजस्व विभाग की पैमाइश में मस्जिद का निर्माण सरकारी जमीन पर पाया गया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और नोटिस जारी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मस्जिद प्रबंधन का कहना है कि धार्मिक स्थल काफी पुराना था और वर्षों पहले इसका जीर्णोद्धार कराया गया था।
मजार पर भी हुई कार्रवाई
इससे एक दिन पहले बबराला थाना क्षेत्र के बाघऊ गांव में सरकारी भूमि पर बनी एक मजार को भी हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक राजस्व रिकॉर्ड में संबंधित भूमि सरकारी दर्ज थी और जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।
अभियान जारी रहेगा
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जिले में सरकारी जमीनों, तालाबों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जों को हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जहां भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

