CG Crime : ‘माइनिंग अफसर’ बनकर पहुंची ठगों की टीम, अवैध खनन का डर दिखाकर मांगे पैसे, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा
CG Crime : डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव में सरकारी अधिकारी बनकर वसूली करने वाले तीन शातिर ठग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपी खुद को माइनिंग विभाग का अफसर बताकर खेत समतलीकरण का काम करा रहे ट्रांसपोर्टर को डराने पहुंचे थे। उन्होंने अवैध खनन का मामला बताकर कार्रवाई और गाड़ी जब्ती की धमकी दी, फिर पैसे की मांग कर दी। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनका पूरा खेल बिगाड़ दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम दर्री निवासी ट्रांसपोर्टर रामसिंह राजपूत आमगांव में जेसीबी के जरिए खेत समतलीकरण का काम करा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए काम को अवैध खनन करार दिया। उन्होंने ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर को डराते हुए कहा कि गाड़ी जब्त होगी, केस दर्ज होगा और बदनामी अलग से होगी।
इसके बाद मामले को “रफा-दफा” करने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग कर डाली। सरकारी कार्रवाई के डर से घबराए ट्रांसपोर्टर ने आरोपियों को 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए। लेकिन इसी बीच उसे शक हुआ और उसने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस हरकत में आई और कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में स्विफ्ट कार समेत तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उनकी पोल खुल गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान के रूप में हुई है। जांच में साफ हुआ कि तीनों किसी भी सरकारी विभाग से जुड़े नहीं थे और फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से वसूली कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

