भोपाल गैस त्रासदी को 40 साल पुरे,धर्मगुरुओं ने पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
भोपाल। राजधानी भोपाल में हुई दुनिया की भीषण गैस त्रासदी को आज 40 साल पूरे हो गए हैं। 40 सालों के बाद भी गैस पीड़ितों का दर्द खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इधर राजधानी भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित बरकतुल्लाह भवन में व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देने के लिए सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
आयोजन में राज्यपाल मंगू भाई पटेल,मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के साथ सभी धर्म के धर्मगुरु मौजूद रहे। जिन्होंने गैस त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि, भोपाल गैस त्रासदी का दुखद प्रसंग पर लगभग 40 वर्ष हो गए।
मैं खुद भी 40 वर्ष पहले जिस रात यह त्रासदी हुई उस दिन एमएलए रेस्ट हाउस में प्रदेश के कई पदाधिकारियों के साथ यहीं रुका था। अगले दिन हम वहां गए थे। ऐसी त्रासदी जीवन में कभी देखी नहीं थी। जैसी त्रासदी भोपाल और दुनिया ने देखी है। गौरतलब है कि 40 साल पहले 2-3 दिसंबर, 1984 की रात यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीली गैस मिथाइल आइसोसाइनेट का रिसाव हुआ था। इस त्रासदी में हजारों लोग मारे गए और लाखों प्रभावित हुए। यह दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक आपदाओं में से एक मानी जाती है।

