PM मोदी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आया कॉल, मामला दर्ज
नई दिल्ली/मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार महाराष्ट्र के मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को बुधवार रात लगभग 9 बजे एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की योजना पहले से बनाई जा चुकी है। इस धमकी के बाद पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए कई बार खतरे की सूचना मिल चुकी है, लेकिन इस बार की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को एक बार फिर सतर्क कर दिया है। बता दें कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी विशेष सुरक्षा समूह (SPG) पर होती है। यह समूह प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए सबसे पहले और सबसे मजबूत सुरक्षा घेरा बनाता है।
SPG जवानों को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में जुटने से पहले अमेरिका की सीक्रेट सर्विस द्वारा प्रशिक्षित किया जाता है। यह सुरक्षा समूह अत्याधुनिक हथियारों से लैस होता है, जिसमें MNF-2000 असॉल्ट राइफल, ऑटोमेटिक गन और 17 एम रिवॉल्वर जैसे हथियार शामिल हैं। इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही हैं।

