CG Weather News : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के संकेत, कई जिलों में बारिश-बिजली का यलो अलर्ट, गर्मी से मिलेगी जल्द राहत
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 11 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मंगलवार देर रात राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण तथा पंजाब से बिहार तक बनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसी वजह से कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट-
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बादल गरजने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम-
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में कमी के साथ लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

