Breaking News
:

CG Crime : सराफा व्यापारी हत्याकांड का खुलासा, सभी 7 आरोपी गिरफ्तार, बिहार-झारखंड से जुड़ा अंतरराज्यीय गिरोह निकला मास्टरमाइंड

CG Crime

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस, वाहन, मोबाइल फोन और लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

CG Crime : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूटपाट के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस, वाहन, मोबाइल फोन और लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।


लूट का विरोध पड़ा भारी, व्यापारी को मारी थी गोली-

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी अपने साथ सोना-चांदी से भरा बैग लेकर मौजूद थे। इसी दौरान बदमाशों ने बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर मुख्य आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने देशी कट्टे से गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


कई राज्यों में फैला था आरोपियों का नेटवर्क-

घटना के बाद बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश खुशीराम साहू ने रची थी। उसने बिहार और झारखंड के अपने साथियों के साथ मिलकर कई दिनों तक बाजार में सराफा कारोबारियों की गतिविधियों की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से लूट और हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।


बिहार और झारखंड से हुई गिरफ्तारियां-

पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल को बिहार के बांका जिले से गिरफ्तार किया। वहीं सुजीत उर्फ राजू दास को बिहार के रजौन क्षेत्र तथा संतोष कुमार दास को झारखंड के गोड्डा जिले से पकड़ा गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।


हथियार, कारतूस और लाखों के आभूषण बरामद-

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, करीब 40 ग्राम सोना, 4 किलो 480 ग्राम चांदी, सात मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार जब्त की है। लूटे गए आभूषणों का हिस्सा विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा गया था, जिसे भी बरामद कर लिया गया है।


कई मामलों में पहले से दर्ज हैं अपराध-

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्य बिहार और झारखंड में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से आरोपी रह चुके हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us