MP में मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा : MBBS की 700 और PG की 1073 सीटें बढ़ाने की तैयारी, NMC को भेजा प्रस्ताव
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए MBBS और पीजी सीटों में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। राज्य में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से MBBS की 700 और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) की 1073 सीटें बढ़ाने की योजना बनाई गई है। इस प्रस्ताव को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) को भेज दिया गया है।
MP News : NMC के नए नियम से आसान हुआ विस्तार
नेशनल मेडिकल कमीशन ने वर्ष 2023 में मेडिकल एजुकेशन रेगुलेशन में संशोधन करते हुए MBBS सीटों की अधिकतम 150 सीटों की सीमा समाप्त कर दी थी। इसके बाद अब मेडिकल कॉलेज अपनी क्षमता और इंफ्रास्ट्रक्चर के अनुसार सीटें बढ़ा सकते हैं। इसी नीति के तहत मध्य प्रदेश में यह बड़ा विस्तार प्रस्तावित किया गया है।
MP News :कई मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
सरकारी योजना के अनुसार जिन कॉलेजों में अभी 150 सीटें हैं, उन्हें बढ़ाकर 250 सीटों तक ले जाया जा सकता है। वहीं 100 सीटों वाले कॉलेजों में 50 सीटें और 180 सीटों वाले कॉलेजों में 20-20 सीटें बढ़ाने की योजना है। रीवा, सतना और सागर में सबसे अधिक 100-100 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।
MP News : ग्वालियर, सिवनी और अन्य जिलों में भी विस्तार
ग्वालियर, सिवनी, शहडोल, छिंदवाड़ा और मंदसौर में 50-50 नई सीटें बढ़ाने की योजना है। वहीं विदिशा और रतलाम में 20-20 सीटों का विस्तार प्रस्तावित है। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
MP News : पीजी सीटों में भी बड़ा इजाफा
पोस्ट ग्रेजुएट (PG) स्तर पर भी बड़ा विस्तार किया जा रहा है। एमडी मेडिसिन में 120 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा पीडियाट्रिक्स, गायनी और एनेस्थीसिया में 80-80 सीटें तथा रेडियोडायग्नोसिस और ऑर्थोपेडिक्स में 50 से 60 सीटें बढ़ाने की योजना है।

