Bihar Accident : पुल की रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे नदी में गिरी कार, मेले से लौट रहे 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत
Bihar Accident : मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार देर रात एक भयावह सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। दीनाभद्री मेला देखकर लौट रहे चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चारों युवक मौके पर ही जान गंवा बैठे।
Bihar Accident : मेले से लौटते समय हुआ हादसा
चारों दोस्त मधेपुरा के प्रसिद्ध दीनाभद्री मेला घूमने गए थे। मेला समाप्त होने के बाद रात करीब 12:30 बजे जब वे कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतकों की पहचान घनश्याम कुमार (मधेपुरा स्टेशन चौक), सागर कुमार (जयपालपट्टी), बसंत कुमार (सहरसा, सौर बाजार) और अंकित कुमार (सहरसा, मोकमा) के रूप में हुई है।
Bihar Accident : तेज रफ्तार बताई जा रही वजह
पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। संतुलन बिगड़ने के कारण कार ने पुल की रेलिंग को जोरदार टक्कर मारी और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण युवकों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
Bihar Accident : घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और अरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को नदी से बाहर निकाला। क्षतिग्रस्त कार को भी क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला गया है।
Bihar Accident : एयरबैग भी नहीं बचा पाए जान
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार को बताया है। हालांकि कार के एयरबैग खुल गए थे, लेकिन 20 फीट की ऊंचाई से पानी में गिरने और गंभीर चोटों के कारण किसी की जान नहीं बच सकी। इस हादसे से मधेपुरा और सहरसा के चार परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

