CG News : मादा नीलगाय की हत्या के बाद पकाने की थी तैयारी, 2 गिरफ्तार, 4 फरार
CG News : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा वन क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्रामीणों ने क्रूरता की हद पार करते हुए एक मादा नीलगाय का शिकार कर लिया। भालुडोंगरी इलाके में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों ने कुत्तों से घिरी और थकी हुई नीलगाय पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद आरोपी उसे खेत में ले जाकर मांस पकाने की तैयारी में जुट गए।
लेकिन उनकी यह योजना ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा, जबकि चार अन्य मौके से फरार हो गए। पूछताछ के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
वन अधिकारियों के अनुसार, मृत नीलगाय करीब 4 साल की मादा थी। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण कानूनों की अनदेखी और बढ़ती शिकार की घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

