UP News : अंबेडकर जयंती पर भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए CM योगी, स्मारिका का विमोचन कर बोले- बाबा साहब के मार्ग पर बनेगा समावेशी समाज
UP News : लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर लखनऊ के शंकर नगर स्थित दुर्गा मैदान में आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न समाज के लोगों के साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सिद्धांतों पर आधारित स्मारिका ‘भारत भाग्य विधाता’ का विमोचन भी किया।
UP News : बाबा साहब के आदर्शों पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर भारतीय संविधान के शिल्पकार हैं। उन्होंने समता, न्याय और बंधुत्व के उच्च आदर्शों से आलोकित समरस एवं समावेशी समाज की आधारशिला रखी। बाबा साहब का जन्म दलित परिवार में हुआ, फिर भी उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की और नारी शिक्षा पर सबसे अधिक जोर दिया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया गया था और उनके पंच तीर्थों का विकास भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन पंच तीर्थों का विकास किया।
UP News : विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बाबा साहब के दर्शन के विपरीत है, जो गरीबों, वंचितों और दलितों का हक छीनने के लिए प्रेरित करता है, हमें उसका समर्थन नहीं करना चाहिए। उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार में दलितों और वंचितों का शोषण हुआ, गरीबों को मिलने वाले पट्टों पर डाका डाला गया। वहीं, महर्षि वाल्मीकि जी की पावन साधना स्थली लालापुर में भी कब्जा करने की कोशिश की गई थी।
UP News : 75 जनपदों में मूर्तियों का सौंदर्यीकरण
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश के 75 जनपदों में स्थापित बाबा साहब की मूर्तियों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों का शुभारंभ भी किया गया। सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब का संपूर्ण जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना की सिद्धि तथा दलितों, वंचितों, गरीबों एवं मातृशक्ति को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनकी पावन स्मृतियों को नमन है। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

