ED Raid : DMF जांच में ईडी का बड़ा एक्शन, छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में एकसाथ छापे, कारोबारी के ठिकाने भी रडार पर
- Rohit banchhor
- 16 Jun, 2026
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
ED Raid : रायपुर। छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच ने मंगलवार को नया मोड़ ले लिया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
सूत्रों के अनुसार ईडी की टीमों ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद सहित विभिन्न जिलों में करीब नौ स्थानों पर कार्रवाई की है। जांच का फोकस DMF फंड के उपयोग, वित्तीय लेन-देन और उससे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल पर बताया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान रायपुर के वल्लभ नगर स्थित कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर भी ईडी की टीम पहुंची। अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी की जांच की। बताया जा रहा है कि जांच केवल एक ठिकाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े अन्य स्थान भी एजेंसी के रडार पर हैं।
हालांकि ईडी ने अभी तक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन प्रदेशभर में चल रही इस व्यापक जांच को DMF मामले में अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

