CG News: डीसीसी-शहर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर की तारीख बदली, अब 20 जून से होगा आयोजन, देखें शेड्यूल
- Rohit banchhor
- 15 Jun, 2026
शहर कांग्रेस अध्यक्षों को 20 जून की शाम 6 बजे तक शिविर स्थल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित होने वाले आवासीय प्रशिक्षण शिविर की तारीख में बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर अब यह प्रशिक्षण शिविर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एक दिन पहले शुरू होगा।
नई समय-सारिणी के अनुसार प्रशिक्षण शिविर 20 जून से 29 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इससे पहले यह शिविर 21 से 30 जून तक प्रस्तावित था। प्रदेश कांग्रेस संगठन की ओर से जारी संशोधित सूचना में सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को 20 जून की शाम 6 बजे तक शिविर स्थल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
संगठन सृजन अभियान के तहत होगा प्रशिक्षण-
यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और नए पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, चुनावी रणनीति, नेतृत्व विकास और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों के माध्यम से पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे।
राहुल गांधी समेत वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना-
सूत्रों के मुताबिक, प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यह शिविर प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

