Cyclone Fengal: तमिलनाडु तट से टकरा सकता है फेंगल चक्रवात, भारी बारिश का अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
Cyclone Fengal: नई दिल्ली/चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात फेंगल के आज, 27 नवंबर को तमिलनाडु के तट से टकराने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि कुड्डालोर और मयिलादुथुरई जैसे इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, चेन्नई समेत कई अन्य जिलों के लिए येलो और रेड अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात के प्रभाव से तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है, जिससे तटीय क्षेत्रों में नुकसान का खतरा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर को तमिलनाडु के तटीय जिलों में मध्यम से भारी बारिश होगी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना है। हवाओं की रफ्तार 65-75 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। 28 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके असर से आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के तटीय क्षेत्र भी प्रभावित हो सकते हैं। -स्कूल-कॉलेज बंद, प्रशासन की ओर से अलर्ट
Cyclone Fengal: चक्रवात के खतरे को देखते हुए, चेन्नई, मयिलादुथुरई, नागापट्टिनम, और कुड्डालोर जैसे जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक की और सभी जिलों में एनडीआरएफ और स्थानीय राहत टीमों को तैनात कर दिया है। राहत कैंप तैयार किए गए हैं और इन केंद्रों पर आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मछुआरों को 29 नवंबर तक समुद्र से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है।
Cyclone Fengal: चक्रवात 'फेंगल' का नामकरण सऊदी अरब ने किया
इस चक्रवात को 'फेंगल' नाम सऊदी अरब द्वारा दिया गया है। यह नाम वर्ल्ड मीटियोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन (WMO) के दिशानिर्देशों के तहत चुना गया है, ताकि नाम याद रखने में आसान हो और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

