Noida Labour Protest: नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। पिछले कुछ दिनों से चल रहा धरना अचानक हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की, कई वाहनों में आग लगा दी और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

फेज-2 और सेक्टर-84 इलाकों में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उन्हें क्षतिग्रस्त किया और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हालात काबू में लाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और भीड़ को हटाने के लिए स्मॉग गन का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रदर्शन में शामिल एक कर्मचारी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उन्हें कम वेतन दिया जा रहा है और विरोध करने पर मारपीट की गई। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच 20,000 रुपये मासिक वेतन जरूरी है। वहीं अन्य श्रमिकों ने ओवरटाइम का भुगतान न मिलने, काम के घंटों में बढ़ोतरी और बोनस में कटौती जैसे मुद्दे उठाए।

प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। घटना के चलते कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

Tags: