Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव पर कई रूट रहेंगे डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान

अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले 10वें दीपोत्सव के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। 6 नवंबर की मध्यरात्रि से बाहरी और 7 नवंबर सुबह 7 बजे से आंतरिक डायवर्जन लागू होगा। जानें किन रास्तों पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव पर कई रूट रहेंगे डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान
X

Ayodhya Deepotsav Traffic Plan: अयोध्या में 7 नवंबर को प्रस्तावित 10वें दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वीवीआईपी, वीआईपी और लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर में बाहरी और आंतरिक डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में अयोध्या आने-जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और प्रतिबंधों की जानकारी लेना जरूरी होगा।

6 नवंबर की मध्यरात्रि से लागू होगा बाहरी डायवर्जन

यातायात पुलिस के मुताबिक, बाहरी डायवर्जन 6 नवंबर की मध्यरात्रि से शुरू होकर 8 नवंबर तक या कार्यक्रम और भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान गोंडा, बस्ती, बाराबंकी और लखनऊ समेत विभिन्न दिशाओं से अयोध्या आने वाले भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बस्ती, गोरखपुर, बाराबंकी, कानपुर, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, सीतापुर और शाहजहांपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें।

शहर के अंदर 14 प्रमुख स्थानों पर बैरियर

अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए 7 नवंबर सुबह 7 बजे से आंतरिक डायवर्जन लागू होगा। यह व्यवस्था 8 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। शहर के भीतर यातायात नियंत्रित करने के लिए 14 प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।

लकड़मंडी चौराहा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा, रामघाट चौराहा, दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, उदया चौराहा, रानोपाली तिराहा, टेढ़ी बाजार, चूड़ामणि चौराहा, पोस्ट ऑफिस तिराहा और राजघाट बंधा समेत निर्धारित स्थानों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर केवल पासधारक वाहन, आमंत्रित महामंडलेश्वर और पत्रकारों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

रोशनी और आकर्षक तोरण द्वारों से सज रही रामनगरी

दीपोत्सव के आयोजन को लेकर अयोध्या को भव्य रूप दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत झालरें, रंग-बिरंगी रोशनी और धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित स्वागत द्वार लगाए गए हैं। मंदिरों की आकृतियों वाले तोरण द्वार रामनगरी की सजावट को खास रूप दे रहे हैं।

शाम होते ही जगमगाती रोशनी से अयोध्या की सड़कें और प्रमुख स्थल आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। सजावटी विद्युत खंभे और सड़क किनारे विकसित हरित पट्टियां भी शहर की सुंदरता बढ़ा रही हैं।

श्रद्धालुओं से ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर यातायात पुलिस ने बाहरी और आंतरिक मार्गों पर विशेष व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट का इस्तेमाल करें, बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी जरूर हासिल करें। इससे भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire