Top
Begin typing your search above and press enter to search.

ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद: अमित जोगी को पुलिस का नोटिस, 24 घंटे में थाने में पेश होने के निर्देश

ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद में रायपुर पुलिस ने अमित जोगी को नोटिस जारी किया है। सिविल लाइन पुलिस ने उन्हें नोटिस मिलने के एक दिन के भीतर थाने में पेश होकर पूछताछ में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद: अमित जोगी को पुलिस का नोटिस, 24 घंटे में थाने में पेश होने के निर्देश
X

रायपुर। विवादित ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा नेताओं की शिकायत पर रायपुर पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अमित जोगी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस ने जोगी निवास पर उनके नाम से नोटिस चस्पा कर एक दिन के भीतर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

जोगी निवास पर चस्पा किया गया नोटिस

सिविल लाइन पुलिस की ओर से जारी नोटिस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत 3 नवंबर को दर्ज मामले का उल्लेख किया गया है। नोटिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान तथ्यों और परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए अमित जोगी से पूछताछ करना जरूरी है। इसी आधार पर उन्हें नोटिस प्राप्त होने के एक दिन के भीतर थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) का मुखौटा पहने दो लोग दिखाई दे रहे थे। वीडियो में दोनों की सांकेतिक शादी दिखाई गई और बाद में हनीमून के नाम पर एक अन्य वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया स्तर पर विवाद शुरू हो गया।

आलोचना के बाद पोस्ट हटाकर मांगी माफी

वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अमित जोगी की आलोचना हुई और उनके पोस्ट के तरीके पर सवाल उठाए गए। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने वीडियो पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

अमित जोगी ने अपनी सफाई में लिखा कि वह एक ऐसी रेखा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। उन्होंने ‘हनीमून’ पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें सुबह एहसास हुआ कि जो संदेश वह देना चाहते थे, वह उनके विश्वास के अनुसार आज भी सही है, लेकिन उसे प्रस्तुत करने का तरीका आदर्श नहीं था। अब इस मामले में पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire