Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Chawri Bazar Building Collapse: चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, 2 की मौत; कई लोग मलबे में दबे

दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

Chawri Bazar Building Collapse: चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, 2 की मौत; कई लोग मलबे में दबे
X

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गली शाहतारा स्थित शीश महल में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और राहत-बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

सुबह 9:50 बजे मिली इमारत गिरने की सूचना

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे इमारत ढहने की सूचना मिली थी। घटनास्थल चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने छह गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और अधिकारियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान जारी

हादसे के बाद दमकल कर्मियों और राहत-बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। वहीं, कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।

घनी आबादी वाले इलाके में हादसे से बढ़ी चिंता

चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली का बेहद व्यस्त और घनी आबादी वाला इलाका है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें और पुरानी इमारतें मौजूद हैं। कई इमारतें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में निर्माणाधीन इमारत के ढहने के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire