India-Iran: ब्रिक्स बैठक में भारत-ईरान के बीच अहम बातचीत, जयशंकर - अराघची की मुलाकात, पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा

By :  Vpb
Update: 2026-05-15 09:30 GMT

India-Iran: नई दिल्ली: नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत और ईरान के बीच अहम कूटनीतिक बातचीत हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर (S. Jaishankar) ने शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) से मुलाकात कर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, क्षेत्रीय स्थिरता और दोनों देशों के आपसी संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के बाद एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और उसके वैश्विक प्रभावों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा भारत और ईरान के साझा हितों से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने ब्रिक्स मंच पर ईरान की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में सदस्य देशों के बीच मजबूत संवाद बेहद जरूरी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भी अब्बास अराघची से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सहयोग और बहुपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया।

वहीं ब्रिक्स बैठक को संबोधित करते हुए अब्बास अराघची ने अमेरिका पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई देश अमेरिकी दबाव का सामना कर रहे हैं और अब ब्रिक्स देशों को एकजुट होकर ऐसी नीतियों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में विकासशील देशों के बीच सहयोग पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है।

Tags:    

Similar News