कोल्हापुर: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बहुमत हासिल किया है, लेकिन कोल्हापुर की चंदगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार शिवाजी पाटील ने जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। जीत के बाद अपने समर्थकों के साथ जश्न मना रहे पाटील को एक अप्रत्याशित हादसे का सामना करना पड़ा।

महागांव में आयोजित विजयी जुलूस के दौरान जेसीबी से गुलाल उड़ाने की योजना बनाई गई थी। उसी समय गुलाल ने अचानक आग पकड़ ली, जिससे शिवाजी पाटील समेत 3-4 लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त विधायक का स्वागत करते हुए महिलाएं आरती उतार रही थीं। जैसे ही जेसीबी से भारी मात्रा में गुलाल गिराया गया, उसमें आग लग गई और आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए।

हालांकि, इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। शिवाजी पाटील, जो बीजेपी के बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े थे, ने इस जीत के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। हादसे के बावजूद समर्थकों का उत्साह बना हुआ है।
Tags: