Weather News : दिल्ली-NCR में 3 दिनों तक लगातार बारिश, यूपी-बिहार में गर्मी से राहत; राजस्थान-एमपी में आंधी-बारिश का अलर्ट
Weather News : नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने 3 से 5 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। आज आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है।
Weather News : यूपी-बिहार में भी मौसम बदलेगा
उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 3 मई को कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 4 और 5 मई को मेरठ, गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है। बिहार में आज मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Weather News : राजस्थान-मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश
राजस्थान में आज कई जिलों में तेज हवाएं चलने और हल्की-मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलेगा और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
Weather News : पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
Weather News : पश्चिमी विक्षोभ का असर
ये बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहे हैं। IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 से 7 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
लोगों को सलाह दी गई है कि आकाशीय बिजली और तेज आंधी के समय सावधानी बरतें। किसान भाई खड़ी फसलों का ध्यान रखें। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

