IPL 2026 : RR ने रोका पंजाब किंग्स का विजयी रथ, वैभव-यशस्वी की धांसू पारी, 6 विकेट से जीता मैच
IPL 2026 : मुल्लांपुर। आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के विजयी रथ को रोक दिया। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेले गए इस मैच में राजस्थान ने 223 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस हार के साथ पंजाब किंग्स का लगातार जीत का सिलसिला टूट गया।
IPL 2026 : पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 22 गेंदों पर नाबाद 62 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। कूपर कोनोली ने 14 गेंदों में 30 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों पर 30 रन बनाए। प्रियांश आर्या ने 11 गेंदों में 29 रनों की तेज शुरुआत दी। राजस्थान की ओर से यश राज पुंजा ने 2 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को 1-1 विकेट मिला।
IPL 2026 : वैभव और यशस्वी की आक्रामक शुरुआत
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों पर 51 रन बनाए, जबकि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 16 गेंदों पर 43 रनों की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए तेज साझेदारी की। ध्रुव जुरेल 20 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए।
IPL 2026 : फेरेरा और दुबे ने संभाली कमान
मध्यक्रम में डोनोवन फेरेरा ने जिम्मेदारी संभाली और 26 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उनके साथ शुभम दुबे ने 12 गेंदों पर नाबाद 31 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। दोनों के बीच अहम साझेदारी ने राजस्थान को 6 विकेट से जीत दिलाई।

