CG Accident : वाहन चलाते हुए चालक को आया झपकी, पेड़ से टकराते ही बोलेरो में लगी आग, बाल-बाल बचा परिवार
- Rohit banchhor
- 21 Apr, 2026
गनीमत रही कि समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
CG Accident : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब मरवाही-मटियाडाढ़ मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में चालक मुरारी गुप्ता अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ सवार थे। हादसे के बाद वाहन में आग भड़क उठी, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए कांच तोड़कर सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया। हालांकि इस दौरान सभी को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए गौरेला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग चाहकर भी ज्यादा मदद नहीं कर सके। घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक मुरारी गुप्ता एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। नींद पूरी न होने के कारण उन्हें झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

