IBPS Clerk Recruitment 2026: नई दिल्ली। बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने 11 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में 11,403 कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 1 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा 10 और 11 अक्टूबर, जबकि मुख्य परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को होगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। आयु 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान और कंप्यूटर की बेसिक जानकारी भी अनिवार्य है। चयनित उम्मीदवारों को 24,050 रुपये से 64,480 रुपये तक मासिक वेतन के साथ डीए, एचआरए और अन्य भत्ते भी मिलेंगे।

आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक वर्ग के लिए 175 रुपये रखा गया है। भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा।

राज्यवार वैकेंसी

इस भर्ती में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1,731 पद हैं। इसके बाद कर्नाटक (1,414), महाराष्ट्र (1,051), पश्चिम बंगाल (946), गुजरात (698), तमिलनाडु (675), मध्य प्रदेश (570), बिहार (491), पंजाब (481), दिल्ली (415), राजस्थान (392), असम (349), ओडिशा (337), छत्तीसगढ़ (265), हरियाणा (196), तेलंगाना (191), आंध्र प्रदेश (186), झारखंड (182), उत्तराखंड (145), केरल (108), हिमाचल प्रदेश (97), जम्मू-कश्मीर (67), त्रिपुरा (64), गोवा (61), अरुणाचल प्रदेश (45), मणिपुर (42), नागालैंड (31), सिक्किम (28), पुडुचेरी (26), मेघालय (22), चंडीगढ़ (20), अंडमान-निकोबार (18), दादरा एवं नगर हवेली (18), मिजोरम (17), लक्षद्वीप (11), दमन एवं दीव (7) और लद्दाख में 6 पद निर्धारित किए गए हैं।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवार IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर CRP CSA-XVI लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

Tags: