UP Crime : शारीरिक संबंध बनाते समय पति ने गला दबाकर किया कत्ल, आरोपी गिरफ्तार
UP Crime : रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका की उसके ही पति ने निर्मम हत्या कर दी। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शिव विहार कॉलोनी में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतका की पहचान एकता उर्फ पूजा के रूप में हुई है, जो परिषदीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति राहुल, जो मेरठ जिले के मवाना तहसील के ग्राम गड़ीना का रहने वाला है, ने शनिवार रात पत्नी के साथ संबंध बनाते समय हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया। इस दौरान उसने बेरहमी से हत्या कर दी और पत्नी का शव कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मेरठ पहुंचकर खुद को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कर लिया, ताकि शक से बच सके। इधर, दो दिन तक कमरे का दरवाजा बंद रहने के कारण किसी को घटना की भनक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब दूध देने वाला घर पहुंचा और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने अंदर जाकर देखा,जहां शिक्षिका का शव बिस्तर पर पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में गला और मुंह दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शराब का आदी था और अक्सर दहेज व अन्य बातों को लेकर पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

