KKR vs PBKS IPL 2026: कोलकाता ने पंजाब के खिलाफ जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का लिया फैसला, केकेआर ने किए प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव
KKR vs PBKS IPL 2026: कोलकाता: आईपीएल 2026 के 12वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच ईडन गार्डन्स में रोमांचक भिड़ंत हो रही है। केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम को इस मैच में अपनी पहली जीत दर्ज करने की उम्मीद है, जबकि पंजाब लगातार तीसरी जीत हासिल कर टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेगा।
KKR vs PBKS IPL 2026: KKR में दो बड़े बदलाव, सुनील और वरुण बाहर
केकेआर ने प्लेइंग इलेवन में दो मजबूर बदलाव किए हैं। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण मैच से बाहर हैं, जबकि सुनील नरेन की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उन्हें आराम दिया गया है। उनकी जगह रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को मौका मिला है। यह सैनी का केकेआर के लिए पहला मैच है।
KKR vs PBKS IPL 2026: पंजाब ने नहीं किया कोई बदलाव
पंजाब किंग्स की टीम ने प्लेइंग इलेवन में कोई फेरबदल नहीं किया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की नजर लगातार तीसरी जीत पर है। टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबलों में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया है और वर्तमान में अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।
KKR vs PBKS IPL 2026: केकेआर के लिए अहम मुकाबला
केकेआर की आईपीएल 2026 की शुरुआत खराब रही है। टीम अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से हार के बाद घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान अजिंक्य रहाणे की टीम अब घरेलू मैदान पर पंजाब को हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।
KKR vs PBKS IPL 2026: पिच और मौसम का मिजाज
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण रन बनाना आसान होता है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने पर पिच धीमी हो जाती है और स्पिन गेंदबाज प्रभावी होते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है। पूरे दिन बादल छाए रहने और शाम 7 से 8 बजे के बीच 40-50 प्रतिशत बारिश की आशंका है। बारिश और आंधी-तूफान के कारण मैच छोटा किए जाने या रुकने की संभावना है।
KKR vs PBKS IPL 2026: हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। केकेआर ने 21 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है। एक मुकाबला रद्द रहा था। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। केकेआर अपनी पहली जीत की तलाश में है, जबकि पंजाब लगातार तीसरी जीत हासिल कर टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेगा। फैंस अब मैच के रोमांच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
KKR vs PBKS IPL 2026: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जैवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: प्रियांश आर्या, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, हरप्रीत बरार।
केकेआर: फिन एलेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट सब: ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी, सौरभ दुबे।

