Kieron Pollard IPL 2026: कीरोन पोलार्ड को फोर्थ अंपायर के साथ गाली-गलौज करना पड़ा भारी, लगाया भारी जुर्माना
Kieron Pollard IPL 2026: नई दिल्ली: देश में इस समय आईपीएल में अपने चरम पर है। लेकिन इस बीच मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड (Kieron Pollard) मुश्किल में फंस गए है। पोलार्ड पर आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए BCCI ने सख्त कदम उठाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। यह कार्रवाई आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 के तहत की गई, जो मैच के दौरान सार्वजनिक रूप से अपशब्दों के इस्तेमाल से संबंधित है।
चौथे अंपायर से हुई बहस
यह घटना पंजाब किंग्स (Punjab Kings) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई। रिपोर्ट के अनुसार दूसरी पारी के 19वें ओवर में पोलार्ड की चौथे अंपायर से बहस हो गई थी। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पोलार्ड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।
मुंबई की जीत, पंजाब की मुश्किल बढ़ी
मैच में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया। बल्लेबाज तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने 33 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की यह लगातार पांचवीं हार रही। अब टीम के लिए प्लेऑफ की राह कठिन हो गई है और अगले दोनों मुकाबले जीतना जरूरी हो गया है।

