Zeenat Aman in support of Sonam Wangchuk: नई दिल्ली: अभिनेत्री जीनत अमान ने पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की है। उन्होंने लिखा कि वांगचुक पिछले 17 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है और शरीर कमजोर होता जा रहा है। जीनत ने वांगचुक का वह बयान भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए, सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही।"

सरकार से की बातचीत की अपील

जीनत अमान ने कहा कि भारत में हमेशा से शांतिपूर्ण विरोध की परंपरा रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह सोनम वांगचुक से बातचीत करे और उनकी चिंताओं का समाधान निकाले। उनका कहना है कि ऐसे मुद्दों का हल संवाद के जरिए ही निकल सकता है।


वांगचुक के काम की सराहना

जीनत ने बताया कि सोनम वांगचुक लद्दाख में शिक्षा सुधार, पर्यावरण संरक्षण और 'आइस स्तूप' जैसी अनोखी तकनीक के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि फिल्म '3 इडियट्स' का लोकप्रिय किरदार 'फुंसुक वांगडू' भी सोनम वांगचुक से प्रेरित था।




बॉलीवुड से मिल रहा समर्थन

जीनत अमान के अलावा अभिनेता अभय देओल और '3 इडियट्स' में चतुर का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। दोनों ने लोगों से वांगचुक के स्वास्थ्य और उनके आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की है।

Tags: