आज से बदल रहे हैं ये 10 बड़े नियम: GST-ITR से लेकर बैंकिंग, पेंशन और टोल पास तक पर पड़ेगा असर, जानिए
इसे बैंक, डिजिटल जीवन प्रमाण पोर्टल या उपलब्ध डाकघर सेवा के जरिए ...

नई दिल्ली। आज 1 नवंबर से देश में कई बड़े नियम बदलने जा रहा है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के कामों पर पड़ सकता है। GST, इनकम टैक्स रिटर्न (ITR), बैंकिंग सेवाओं, क्रेडिट कार्ड, पेंशन, गोल्ड ज्वेलरी और टोल पास से जुड़े नियमों में बदलाव की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण और सरकारी कार्यालयों के समय से जुड़े नए इंतजाम भी लागू होंगे। इन बदलावों को जानना जरूरी है, ताकि आप समय रहते अपने जरूरी काम पूरे कर सकें और किसी तरह की परेशानी से बच सकें। जानिए 1 नवंबर से लागू होने वाले 10 बड़े बदलाव और उनका आप पर क्या असर पड़ेगा।
1. म्यूचुअल फंड में डायरेक्ट प्लान होगा डिफॉल्ट
1 नवंबर से एसेट मैनेजमेंट कंपनियों के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर म्यूचुअल फंड का डायरेक्ट प्लान डिफॉल्ट विकल्प होगा। रेगुलर प्लान चुनने पर निवेशकों को उसके ज्यादा एक्सपेंस रेश्यो की जानकारी दी जाएगी।
2. GST नियमों में कारोबारियों को राहत
बिक्री के बाद दिए जाने वाले डिस्काउंट और इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर के तहत रिफंड की प्रक्रिया आसान होगी। छोटे ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए दूसरे राज्यों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी सरल की जाएगी।
3. ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स को ITR भरने की नई तारीख
असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए पात्र ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स की ITR फाइलिंग की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर कर दी गई है। यह राहत सभी करदाताओं के लिए नहीं है।
4. पेंशनर्स को जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट
80 साल से कम उम्र के पेंशनर्स 1 से 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसे बैंक, डिजिटल जीवन प्रमाण पोर्टल या उपलब्ध डाकघर सेवा के जरिए जमा किया जा सकता है।
5. बैंक खातों में 4 नॉमिनी जोड़ने की सुविधा
नए प्रावधान के तहत बैंक ग्राहक अपने सिंगल या जॉइंट खाते में अधिकतम चार नॉमिनी जोड़ सकेंगे। इससे उत्तराधिकार से जुड़े मामलों में सुविधा मिल सकती है।
6. क्रेडिट कार्ड और FD के नियमों पर नजर रखें
PNB क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने के लिए 99 रुपए फीस का बदलाव बताया गया है। वहीं, नवंबर में बैंक अपनी FD ब्याज दरों की समीक्षा कर सकते हैं।
7. सोने की ज्वेलरी पर HUID कोड जरूरी
सोने के आभूषण खरीदते समय छह अंकों का HUID कोड जांचना जरूरी है। ग्राहक BIS Care ऐप से हॉलमार्क की जानकारी सत्यापित कर सकते हैं।
8. LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। 1 नवंबर की नई दरें जारी होने के बाद ही बदलाव स्पष्ट होगा।
9. हाईवे के पास रहने वालों को टोल पास
दी गई जानकारी के मुताबिक, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी वाहन मालिकों के लिए सालाना लोकल पास की दर 1,500 रुपए और नगर पालिका सीमा के अंदर 3,000 रुपए बताई गई है।
10. दिल्ली में प्रदूषण और दफ्तरों के समय से जुड़े बदलाव
दिल्ली-NCR में प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और वर्क फ्रॉम होम से जुड़े उपाय लागू किए जाने की जानकारी दी गई है। दिल्ली नगर निगम के दफ्तर सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक और अन्य सरकारी दफ्तर सुबह 10 से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे।


